रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद रांची पहुंचे भाजपा के दिग्गजों ने पिछले लोकसभा चुनाव में मिली भारी जीत को दोहराने का संकल्प लिया है। भाजपा के राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेता सोमवार की शाम प्रदेश भाजपा कार्यालय में साथ बैठे। प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बैठक में राजनीतिक हालात के साथ आजसू के मजबूत क्षेत्रों पर बात हुई। मंगलवार को उम्मीदवारों की सूची बनेगी। बुधवार की दोपहर के बाद प्रदेश चुनाव समिति की फिर बैठक होगी, जिसमें नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने अधिकतर बड़े नेताओं से वन टू वन बात की। बैठक के बाद पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा से भी उन्होंने बात की। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने की।